Friday, May 21, 2010

भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी

नैनीताल: जिला योजना समिति (डीपीसी) के लिए गुरुवार को हुए चुनावों में जिला पंचायत की सभी 14 सीटों पर कांग्रेस-बसपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। जिनमें से 13 पर कांग्रेस व एक पर बसपा को सफलता मिली। भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी। निकाय क्षेत्रों के लिए हुए चुनाव में रामनगर नगरपालिका के एक पद पर कांग्रेस जबकि हल्द्वानी के चार, लालकुआं व नैनीताल के एक-एक पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने मैदान मारा।
जिला पंचायत दफ्तर में गुरुवार को डीपीसी के लिए सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। अपराह्न एक बजे तक कुल पंजीकृत 106 मतदाताओं में से 105 के वोट पड़ चुके थे। मतदान के लिए 5 कक्ष बनाए गए थे। अपराह्न 3.30 बजे से डीएम शैलेश बगौली, सीडीओ पंकज पाण्डे की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। जिसके तहत जिला पंचायत के लिए कांग्रेस समर्थित अनिल आर्या, कमलेश चौधरी, गणेश आर्य, गीता जोशी, गीता बिष्ट, गोपाल बिष्ट, चनीराम, तारा सिंह नेगी, प्रदीप सिंह, प्रियंका लमगड़िया, यमुना बोरा, सतीश नैनवाल, संजय शाह व बसपा समर्थित तारा दत्त पाण्डे ने जीत दर्ज की। जिला पंचायत की सीट पर भाजपा प्रत्याशियों को पराजय का मुंह देखना पड़ा। जिला पंचायत में एकतरफा जीत के बाद कांग्रेस व बसपा समर्थित प्रत्याशी व उनके समर्थक झूम उठे और उन्होंने कांग्रेस-बसपा गठबंधन जिंदाबाद के नारे लगाए।
डीपीसी में नगर निकाय क्षेत्रों में रामनगर के एक पद को छोड़कर हल्द्वानी, नैनीताल व लालकुआं को मिलाकर आधा दर्जन पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। नैनीताल में भाजपा समर्थित प्रेम सागर ने 5 मत पाकर जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस समर्थित दीपा मिश्रा व निर्दलीय मनोज अधिकारी को 4-4 मत मिले। रामनगर से विजयी काग्रेस समर्थित जितेंद्र बिष्ट को 10 व भाजपा समर्थित सत्यप्रकाश को 5 वोट मिले। हल्द्वानी नगरपालिका के सभी 4 पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते। विजयी जोगेंद्र रौतेला को 16, महेद्र नागर को 18, हरिमोहन अरोड़ा को 16 व राधा तिवारी को 14 मत मिले। लालकुआं से भाजपा समर्थित विनोद श्रीवास्तव ने 22 मत पाकर जीत दर्ज की। निकायों में जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नैनीताल क्लब में विजयी प्रत्याशियों के साथ जीत की खुशी मनाई।
हल्द्वानी के एक पद के लिए भाजपा समर्थित राधा तिवारी व राजेंद्र भाकुनी को 14-14 मत मिले। इसके बाद डीएम शैलेश बगौली ने परिणाम के लिए लाटरी पद्धति अपनाई। लाटरी राधा तिवारी के नाम खुली।

No comments: